बूंदी| शहर के कृष्णा विहार स्थित आइंस्टीन इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार को कृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्ण जन्मोत्सव उल्लास के साथ मनाया गया। स्कूल परिसर को आकर्षक सजावट और झांकियों से सजाया गया। राधाकृष्ण के रूप में सजे नन्हे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक डॉ. मनीष नागपाल ने भगवान श्रीकृष्ण को पुष्प अर्पित कर किया। नर्सरी से कक्षा तीसरी तक के विद्यार्थियों ने राधाकृष्ण और कृष्ण से जुड़े पात्रों की वेशभूषा में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लिया। कक्षा पहली-दूसरी में बांसुरी मेकिंग, दूसरी-तीसरी में मटकी सजाओ और चौथी-पांचवीं में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता हुई। कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं पर भाषण प्रस्तुत किए। नन्हे विद्यार्थियों की राधाकृष्ण रैंप वॉक आकर्षण का केंद्र रही। रश्ना नायक और प्रतिज्ञा ने राधाकृष्ण नृत्य प्रस्तुत किया। निदेशक ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, कर्तव्य, सत्य, धैर्य और सदाचार की सीख देता है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अच्छे संस्कार अपनाने चाहिए। समापन पर सामूहिक आरती की गई।