गढ़ी थाना क्षेत्र के आमजा गांव के पास गुरुवार देर शाम पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों ने गणेश पर हमला कर दिया। पाटिया डुंगरा निवासी गणेश घर का सामान लेने निकला था, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि शराब की बोतल से सिर और आंख पर वार करने से उसकी आंख के पास गहरा घाव हुआ और सिर में 6 टांके आए। परतापुर और बांसवाड़ा में इलाज के बाद गंभीर हालत के चलते उसे उदयपुर रेफर किया गया। रास्ते में रोककर किया हमला घायल युवक गणेश पुत्र जगजी के परिजनों ने बताया कि वह घर का सामान लेने के लिए निकला था। जब वह आमजा गांव के पास से गुजर रहा था, तभी रास्ते में कुछ शराबी युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और शराब की बोतल से हमला कर दिया। बोतल से वार होने के कारण गणेश की आंख के पास गंभीर चोट आई। उसके सिर में भी 6 टांके आए हैं। राहगीरों ने एंबुलेंस को दी सूचना हमले के बाद गणेश खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़ा था। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे देखा तो तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल गणेश को तुरंत परतापुर के स्थानीय हॉस्पिटल पहुंचाया गया। बांसवाड़ा से उदयपुर रेफर परतापुर के स्थानीय हॉस्पिटल में गणेश को प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे गुरुवार मध्य रात्रि करीब 12 बजे महात्मा गांधी यानी एमजी हॉस्पिटल, बांसवाड़ा रेफर कर दिया। एमजी हॉस्पिटल में शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया है। पुलिस बोली- पीड़ित हिस्ट्रीशीटर है गढ़ी थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्ष थाने में रिपोर्ट देने के लिए आए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित युवक गणेश थाने का हिस्ट्रीशीटर है। थानाधिकारी के अनुसार होटल पर हुई आपसी कहासुनी और विवाद के बाद यह घटना हुई है। मामले में अनुसंधान किया जा रहा है।