सिवाना | राबाउमावि में गुरुवार को साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूल की छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर साइबर अपराधों से सावधान रहने का संदेश दिया। रैली के दौरान सिवाना थानाधिकारी चंद्रसिंह ने छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल एवं इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के साथ ऑनलाइन ठगी व साइबर फ्रॉड के मामले भी बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते, एटीएम, यूपीआई एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से राशि हड़पने का प्रयास करते हैं। उन्होंने संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने तथा सोशल मीडिया अकाउंट की गोपनीयता सेटिंग मजबूत रखने की भी जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को साइबर अपराध होने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।