नीम करोली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी और स्टारकास्ट जयपुर पहुंचीं। टीम ने जयपुर के ईपी मिराज में फिल्म देखने आए दर्शकों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। कलाकारों ने भी अपने अनुभव शेयर किए। डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म को फ्लॉप तक कह दिया गया था। आज यही फिल्म देशभर में 700 स्क्रीन पर चल रही है। फिल्म के सामने बड़ी-बड़ी फिल्में रिलीज हुईं लेकिन दर्शकों ने ‘हनुमान अंश’ को लगातार अपना प्यार दिया। दर्शकों की आस्था और भावनाएं भी देखने को मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि कई जगह लोग फिल्म देखने से पहले चप्पल-जूते उतार रहे हैं और सिनेमाघर में बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। उनके अनुसार दर्शकों की यह प्रतिक्रिया फिल्म की टीम के लिए बेहद भावुक और यादगार अनुभव है। बाबा का किरदार भी आशीर्वाद से मिला विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म में नीम करौली बाबा की भूमिका निभाने वाले शोभिनाव सत्य के सिलेक्शन का किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि पहले किसी अन्य अभिनेता को बाबा के किरदार के लिए चुना गया था लेकिन वह बीमार हो गए। डायरेक्टर ने कहा कि मेरे सैकंड असिस्टेंट शोभिनाव सत्य थे, उन्हें देखकर मुझे लगा कि इनके छोटे बाल है, ये बाबा की तरह ही लग रहे हैं। इन्हें चुना जाना चाहिए। आज देखिए इन्हें और फिल्म को कितना प्यार मिल रहा है। डायरेक्टर ने कहा कि दर्शकों से मिले इस प्यार ने उन्हें फिल्म के दूसरे भाग पर काम करने के लिए भी प्रेरित किया है। निर्देशक के मुताबिक अब टीम ‘हनुमान अंश’ के दूसरे पार्ट पर काम शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पहले फ्लॉप कहा गया, आज सैकड़ों स्क्रीन्स पर चल रही फिल्म शोभिनाव सत्य ने फिल्म में नीम करोली बाबा का किरदार निभाया है। फिल्म की कहानी एक ऐसे बालक की आध्यात्मिक यात्रा पर केंद्रित है, जो अपनी मां को खोने के बाद ईश्वर की तलाश में निकलता है और आगे चलकर सेवा, प्रेम और मानवता के रास्ते को अपना जीवन उद्देश्य बनाता है। शोभिनाव सत्य ने कहा कि उन्हें मिल रहा प्यार उनके लिए शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। उन्होंने इसे नीम करौली बाबा का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि यह बाबा का ही आशीर्वाद है, जो इतना प्यार मिल रहा है। शुरुआत में पूरे देश में करीब 25 स्क्रीन पर फिल्म लगी थी और शुरुआती दो हफ्तों में इसे फ्लॉप तक कह दिया गया था। लेकिन आज यही फिल्म देशभर में 700 स्क्रीन पर चल रही है। जो प्यार मुझे मिल रहा है, उसे अभिव्यक्त कर पाना मेरे लिए मुश्किल है। इसमें चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी, पूर्णिमा तिवारी, गुलशन पांडे और विहान शेडगे फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट का हिस्सा हैं। नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित कहानी ‘हनुमान अंश’ एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जो नीम करोली बाबा के जीवन, उनके प्रेम, सेवा और मानवता के संदेश से प्रेरित है। फिल्म का केंद्रीय भाव ईश्वर की तलाश से आगे बढ़कर मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम को जीवन का उद्देश्य बनाने पर केंद्रित है। फिल्म को स्वम्भू मीडिया नेटवर्क के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले विशाल चतुर्वेदी ने लिखा है। सिनेमैटोग्राफी विशाल बावा की है और फिल्म का संगीत साधु सुशील तिवारी सहित टीम के अन्य संगीतकारों ने तैयार किया है।