हनुमानगढ़ के धोलीपाल गांव में बाबा हरिराम जी मंदिर जा रहीं 3 बुजुर्ग महिलाओं को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 1 महिला की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हो गईं। पुलिस ने अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना सोमवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुई। धोलीपाल निवासी रामप्रताप (45) ने सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी माता रामेश्वरी (80), पड़ोसन माम कौर (75) और सावित्री, सभी धोलीपाल निवासी, मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थीं। मंदिर से निकलते ही तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर रिपोर्ट के अनुसार, तीनों महिलाएं मंदिर के गेट के सामने सड़क पार कर गेट और सड़क के बीच पहुंची थीं। इसी दौरान हनुमानगढ़ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार के ड्राइवर ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों महिलाएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर परिचित जसवंत सिंह ने परिजनों को सूचित किया। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिलाओं को तत्काल धोलीपाल अस्पाल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान माम कौर की मौत हो गई। परिजनों की लिखित रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतका माम कौर का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जांच सहायक उपनिरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई है।