हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने दहेज विवाद को लेकर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ससुर धन्नाराम (58) और दादा ससुर भागीरथ (84) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दहेज को लेकर चल रहे विवाद में बातचीत के लिए ससुराल पहुंचे महिला के परिजनों पर हमला किया गया था। इस दौरान कृष्ण कुमार के सिर पर सब्बल से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। 24 अगस्त को दर्ज हुई थी शिकायत पुलिस के अनुसार, चौहिलांवाली निवासी ममता पत्नी कुलदीप ने 24 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ममता ने बताया कि उसकी दो बहनों उषा और सरोज की शादी करीब छह साल पहले एक ही परिवार में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने के ताने देकर दोनों बहनों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना कर रहे थे। बातचीत से मामला सुलझाने पहुंचे थे परिजन लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर ममता ने अपने भाई राजेराम को मामले की जानकारी दी। इसके बाद 24 अगस्त को राजेराम, कृष्ण कुमार और अन्य रिश्तेदार दोनों बहनों के ससुराल पहुंचे। उनका उद्देश्य बातचीत के जरिए विवाद को सुलझाना था। पुलिस के मुताबिक, उनके वहां पहुंचते ही धन्नाराम और अन्य लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। घर से निकलते समय पीछे से सब्बल से किया वार पुलिस के अनुसार, बातचीत के बाद जब सभी लोग घर से बाहर निकल रहे थे, तभी धन्नाराम ने पीछे से सब्बल से कृष्ण कुमार के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद दादा ससुर भागीरथ ने भी लाठियों से हमला किया। आरोप है कि धन्नाराम, भागीरथ और अन्य परिजनों ने राजेराम समेत वहां मौजूद अन्य लोगों पर भी लाठियों से मारपीट की। गंभीर हालत में रेफर, रास्ते में मौत हमले में कृष्ण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल राजकीय अस्पताल हनुमानगढ़ टाउन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही कृष्ण कुमार ने दम तोड़ दिया। इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला पुलिस ने मामले में प्रकरण संख्या 555/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 351(3), 103(1) और 189(2) में केस दर्ज किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। मानवीय और तकनीकी सूचनाओं से आरोपियों तक पहुंची पुलिस विशेष टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए धन्नाराम और भागीरथ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े तथ्यों को लेकर जांच जारी है।