हनुमानगढ़ में दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता से मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और स्त्रीधन छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता को व्हाट्सएप कॉल पर तीन तलाक भी दिया गया है। पुलिस ने पति, सास, तीन ननदों और दो ननदोइयों समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भादरा थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया- थाना क्षेत्र के गांव अजीतपुरा के वार्ड नंबर 6 निवासी फिजा बानो (20) पुत्री नवाब खान ने मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया कि उसका निकाह 10 मई 2026 को भादरा निवासी शोहिब अली पुत्र नत्थू खां के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति शोहिब अली, सास जरीना, ननद मीनू, फिरदौस, साहिन और ननदोई फखरुद्दीन (फतेहपुर निवासी) व फारुख (नोहर निवासी) उससे पांच लाख रुपए नकद और एक बाइक की मांग करने लगे। पीड़िता के अनुसार 15 मई को सास ने रस्मों के 40 हजार रुपए हड़प लिए। जून में दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट भी की गई। रिपोर्ट के मुताबिक 2 जुलाई को पति शोहिब अली बहरीन चला गया। उसी शाम सास जरीना, तीनों ननदों और दोनों ननदोइयों ने फिजा बानो को कमरे में बंद कर पीटा। उन्होंने उसके शरीर और अलमारी में रखे करीब 6.10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात भी छीन लिए। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। 23 अगस्त को हुई पंचायत में भी सास ने उसे घर में रखने से मना कर दिया। 6 जुलाई को शाम करीब 5.38 बजे उसके पति ने व्हाट्सएप कॉल पर पांच लाख रुपए नहीं देने पर 'तलाक, तलाक, तलाक' कहकर उसे तीन तलाक दे दिया। उसी रात पति ने ऑडियो संदेश भेजकर गाली-गलौज और धमकियां भी दीं। पुलिस ने फिजा बानो की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी राधेश्याम इस मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है।