हनुमानगढ़ टाउन की पारीक कॉलोनी के निवासियों ने मोहल्ले में बढ़ती नशे की बिक्री और असामाजिक तत्वों के आतंक को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों ने हनुमानगढ़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। शिकायत में बताया गया है कि पिछले कुछ समय से कॉलोनी में नशे की बिक्री बढ़ी है, जिससे नशे के आदी लोगों की आवाजाही भी बढ़ गई है। आरोप है कि कुछ युवक चाकू, छुरे, रॉड और देसी कट्टे लेकर दिन-रात घूमते हैं। इन असामाजिक तत्वों द्वारा राहगीरों और मोहल्लेवासियों के साथ लूटपाट व डराने-धमकाने की घटनाओं के कारण महिलाओं, बच्चों और छात्र-छात्राओं का गलियों से निकलना मुश्किल हो गया है। शिकायत में 27 अगस्त की रात करीब 10 बजे हुई एक घटना का भी जिक्र है। विष्णु पुत्र हजारीलाल बिश्नोई अपनी पत्नी के साथ नोहरा में पशुओं को पानी पिला रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के मकान में मौजूद गणेश पुत्र कुरड़ाराम, लक्की पुत्र कुरड़ाराम, रोहित व कोकी पुत्र ललित कुमार सहित अन्य लोगों ने कथित रूप से अभद्र टिप्पणी की, जब विष्णु ने उन्हें रोका, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद मौके पर कई अन्य लोगों को बुलाया गया और लगभग 15-20 लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। हालांकि, शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस के जाने के करीब दो घंटे बाद सुभाष पुत्र कृष्ण की कार में तोड़फोड़ की गई। साथ ही, शिकायत करने पर जान से मारने और झूठे एससी-एसटी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मोहल्लेवासियों ने पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष जांच करने, आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो आरोपी भविष्य में किसी गंभीर घटना को अंजाम दे सकते हैं। निवासियों ने पुलिस से कॉलोनी में गहन जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।