हनुमानगढ़ पुलिस ने फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहम्मद आसिम खान (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या के प्रयास, चोरी और मारपीट सहित 10 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते आसिम खान ने साथियों के साथ मिलकर परिवादी की गाड़ी रोककर पहले शीशे पर लाठियां बरसाईं और फिर पिस्टल से फायरिंग की। जान बचाने के लिए परिवादी और उसके साथी गाड़ी छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी को दबोचा जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद और वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाएं जुटाईं और प्रकरण संख्या 541/2026 में वांछित आरोपी मोहम्मद आसिम खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वार्ड नंबर 13, चक 11 आरपी, लखुवाली हेड, हनुमानगढ़ टाउन का निवासी है। पुलिस अब उससे वारदात और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को लेकर पूछताछ कर रही है। चार महीने पुरानी घटना से शुरू हुई थी रंजिश पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को लखुवाली हेड निवासी जुमा खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि करीब चार महीने पहले इरफान खान, मोहम्मद आसिम खान सहित अन्य आरोपियों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस मामले की सुनवाई फिलहाल कोर्ट में चल रही है। बताया जा रहा है कि इसी मुकदमे को लेकर आरोपियों और परिवादी के बीच रंजिश चल रही थी। गाड़ी रोककर पहले शीशे पर बरसाईं लाठियां 17 अगस्त को इरफान खान, आसिम खान और अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर जुमा खान की गाड़ी के आगे अपना वाहन लगा दिया। आरोपियों ने गाड़ी रोकने के बाद उसके शीशे पर लाठियां मारीं और पिस्टल से फायर किया। परिवादी अपनी जान बचाने के लिए लखुवाली गांव की तरफ भागे। लेकिन आरोपियों ने तिराहे पर दोबारा गाड़ी लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। तिराहे पर फिर की फायरिंग पुलिस के मुताबिक, रास्ता रोकने के बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से दोबारा फायरिंग की। फायरिंग से घबराए परिवादी और उनके साथी अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गए। मामले में हनुमानगढ़ टाउन थाने में बीएनएस की धाराओं 115(2), 126(2), 324(2), 189(2), 111(3) तथा 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आसिम पर पहले से दर्ज हैं 10 मामले पुलिस ने बताया कि मोहम्मद आसिम खान के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, मारपीट सहित कुल 10 मामले पहले से दर्ज हैं। फायरिंग के इस मामले में उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इस प्रकरण में इससे पहले आरोपी सदाम हुसैन को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।