हनुमानगढ़ में यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 22 दुपहिया और टेम्पो वाहन सीज किए गए। पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 10 ड्राइवरों पर भी कार्रवाई की। इसके अलावा 12 अन्य वाहनों को नियम विरुद्ध मॉडिफाई करवाने और बिना नंबर प्लेट के चलाने के आरोप में जब्त किया गया। एसपी बी. आदित्य के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।