भास्कर न्यूज | भाड़ौती गंभीरा के स्कूल खेल मैदान में शिवभक्तों और ग्रामीणों के सहयोग से दो दिवसीय हरि कीर्तन और कन्हैया दंगल कार्यक्रम शुरू हुआ। पहले दिन सोमवार को हरि कीर्तन हुआ। गायन पार्टियों ने पौराणिक कथाओं और धार्मिक प्रसंगों का गायन के जरिए बखान किया। प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। हरि कीर्तन सुनने महिला-पुरुष उमड़े। ग्रामीणों के मुताबिक गेरोटा गायन पार्टी ने भवानी मनाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रीजी की कथा में ‘अबसा बन गई रे घोड़ी, बनी डिग्गीपुरी राजा की, सब तोड़ी फुलवारी’ सहित कई धार्मिक प्रसंग गाए। कलाकारों को खूब वाहवाही मिली। नाहर खोर्रा की गायन पार्टी ने सीता वनवास की कथा का हरि कीर्तन के माध्यम से बखान किया। खेकड़ा की गायन पार्टी ने श्री राम-रावण युद्ध का प्रसंग प्रस्तुत किया। हलका की गायन पार्टी ने साई बाई की कथा का गायन किया। कार्यक्रम देर शाम तक चला। श्रोता धार्मिक कथाओं और भजनों में रमे नजर आए। ग्रामीणों ने बताया कि दूसरे दिन मंगलवार को कन्हैया दंगल होगा। इसमें सरसाली, सखीपुरा और कुंड्या खोल्या की गायन पार्टियां कन्हैया के माध्यम से पौराणिक कथाओं और धार्मिक प्रसंगों का बखान करेंगी। कार्यक्रम के दौरान भंडारा होगा। गायन पार्टियों के कलाकारों के साथ श्रोता भी पंगत प्रसादी जीमेंगे।