रक्षाबंधन त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने हिसार-खड़की-हिसार के बीच 29 अगस्त को विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04703/04704 दोनों दिशाओं में (अप एंड डाउन) एक-एक ट्रिप चलेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04703 हिसार–खड़की स्पेशल 29 अगस्त, शनिवार को हिसार से सुबह 10:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन कोटा मंडल के सवाई माधोपुर में शाम 6:45 बजे, कोटा में रात 8:30 बजे, रामगंजमंडी में रात 9:33 बजे, भवानीमंडी में रात 9:55 बजे और शामगढ़ में रात 10:20 बजे पहुंचेगी। इसके अगले दिन रविवार को शाम 4:20 बजे खड़की पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 04704 खड़की–हिसार स्पेशल 30 अगस्त, रविवार को खड़की से शाम 5:20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सोमवार को कोटा मंडल के शामगढ़ में सुबह 8:30 बजे, भवानीमंडी में 9:03 बजे, रामगंजमंडी में 9:38 बजे, कोटा में 10:50 बजे और सवाई माधोपुर में दोपहर 1:15 बजे पहुंचेगी। इसके बाद सोमवार रात 11:50 बजे हिसार पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में हिसार जंक्शन, सादुलपुर जंक्शन, लोहारू जंक्शन, झुंझुनूं, सीकर जंक्शन, रींगस जंक्शन, जयपुर जंक्शन, सवाई माधोपुर जंक्शन, कोटा जंक्शन, रामगंजमंडी, भवानीमंडी, शामगढ़, नागदा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, गोधरा जंक्शन, वडोदरा जंक्शन, भरूच जंक्शन, सूरत, वापी, वसई रोड, कामन रोड, कल्याण जंक्शन, लोनावला और खड़की स्टेशनों पर रुकेगी। फरीदाबाद स्टेशन पर 3 ट्रेनों का ठहराव अस्थाई रूप से रद्द, कोटा मंडल से गुजरती हैं ये ट्रेनें उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के हजरत निजामुद्दीन-पलवल रेलखंड स्थित फरीदाबाद स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के चलते ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण कोटा मंडल से होकर गुजरने वाली 3 ट्रेनों का फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव अस्थाई रूप से निरस्त किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 20986 शहीद कप्तान तुषार महाजन-कोटा साप्ताहिक एक्सप्रेस का फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव 31 अगस्त से 14 अक्टूबर 2026 तक निरस्त रहेगा। इसी तरह गाड़ी संख्या 19020 हरिद्वार-मुंबई बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस और 22918 हरिद्वार-मुंबई बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस का फरीदाबाद स्टेशन पर ठहराव 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक नहीं होगा।