भास्कर न्यूज |सवाई माधोपुर निकाय चुनाव से ठीक पहले पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुंडेरा थाना पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश सद्दाम उर्फ बिहारी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी पुलिस मुख्यालय से हार्डकोर अपराधी चिह्नित है। 24 संगीन मामले दर्ज है। कुण्डेरा थाना पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी को लालसोट (दौसा) से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएसपी राकेश कुमार राजौरा के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी राजेन्द्र मीणा व दलीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। हिस्ट्रीशीटर सद्दाम बिहारी पुलिस से बचने के लिए नेपाल और हिमाचल प्रदेश जैसे इलाकों में फरारी काट रहा था। हाल ही उप निरीक्षक अजीत मोगा को सटीक तकनीकी और मानवीय सूचना मिली कि सद्दाम ने अपने एक रिश्तेदार को दौसा के लालसोट में बुलाया है। इसके बाद पुलिस टीम ने रिश्तेदार का गोपनीय तरीके से पीछा किया और लालसोट में योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर सद्दाम बिहारी को धर दबोचा। सद्दाम बिहारी के खिलाफ हत्या के प्रयास, फायरिंग, रंगदारी, अपहरण, आगजनी और अवैध हथियारों की तस्करी के कुल 26 मामले दर्ज हैं। 5 लाख की रंगदारी व पिस्टल की नोक पर धमकी : मानटाउन थाना क्षेत्र में 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगने तथा कोतवाली थाना क्षेत्र में पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देने के मामलों में भी पुलिस को इसकी तलाश थी। कार्रवाई में कुण्डेरा थानाधिकारी दलीप कुमार वर्मा, उप निरीक्षक अजीत मोगा, हैड कांस्टेबल रामेश्वर, बुद्धिप्रकाश (मानटाउन), कांस्टेबल सुरेश स्वामी, लखपत एवं सहायक उपनिरीक्षक रूप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।