भराव क्षेत्र में बारिश के बाद बीसलपुर बांध में पानी की आवक फिर बढ़ गई है। रविवार सुबह 6 बजे तक पिछले 24 घंटे में बांध में एक सेंटीमीटर पानी आया। इसके बाद बांध का जलस्तर 314.09 आरएल मीटर पहुंच गया है। बांध की कुल भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है। अभी त्रिवेणी का गेज 230 मीटर बना हुआ है, जिसके चलते बांध में धीमी गति से पानी की आवक जारी है। तेज बारिश हुई तो भर सकता है बांध लोगों का मानना है कि भराव क्षेत्र में दो-तीन बार तेज बारिश होने पर बांध पूरी तरह भर सकता है। बांध भरने से किसानों को रबी की फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। टोंक में धूप-छांव, उमस बढ़ने के आसार रविवार को टोंक जिले में मौसम साफ रहा। कुछ जगह हल्के बादल दिखाई दिए और मध्यम गति की हवा चली। हवा चलने से सुबह गर्मी का असर कम रहा, लेकिन दोपहर में उमस और गर्मी बढ़ने की संभावना है। शनिवार की तरह रविवार को भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में जिले में बारिश नहीं हुई। जिले की वार्षिक औसत बारिश 594.96 एमएम है। इसके मुकाबले इस सीजन में अब तक 347.48 एमएम बारिश हो चुकी है। यह औसत बारिश का 56.06 प्रतिशत है। जयपुर-अजमेर की भी लाइफलाइन बीसलपुर बांध टोंक के साथ जयपुर और अजमेर जिले के लिए भी लाइफलाइन है। बांध से रोजाना टोंक, अजमेर और जयपुर की एक करोड़ से ज्यादा आबादी को पानी मिलता है। तीनों जिलों में रोजाना करीब 900 से 1000 एमएलडी पानी की खपत होती है। इससे बांध का जलस्तर प्रतिदिन करीब डेढ़ सेंटीमीटर कम होता है। ऐसे में पिछले 24 घंटे में बांध में आया एक सेंटीमीटर पानी टोंक समेत जयपुर और अजमेर की करीब एक दिन की पानी की जरूरत पूरी करने में मदद कर सकता है।