जयपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार को फ्लाइट में बैठने से पहले एक पैसेंजर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। यात्री कोलकाता जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां बोर्डिंग की प्रोसेस के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन में एयरपोर्ट से एंबुलेंस के जरिए प्राइवेट हॉस्पिटल में पहुंचाया गया, जहां यात्री ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रोहित अग्रवाल के रूप में हुई है। रोहित अग्रवाल जयपुर से कोलकाता जाने वाले थे। दूसरी तरफ, तकनीकी खराबी के कारण इंडिगो की जयपुर-उदयपुर फ्लाइट रद्द करनी पड़ी, इंडिगो का ये विमान करीब 15 घंटे से जयपुर एयरपोर्ट पर खड़ा है। स्पाइसजेट की जयपुर-दुबई फ्लाइट करीब 17 घंटे की देरी से रवाना होने की संभावना है। वहीं, दिल्ली के खराब मौसम के चलते एक इंडिगो फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। एक के बाद एक उड़ानों में देरी और विमानों के लंबे समय तक खड़े रहने से यात्री परेशान नजर आए। ऐसे में यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली। 15 घंटे बाद भी ठीक नहीं हुआ इंडिगो का विमान इंडिगो की फ्लाइट 6E-7517 को बुधवार शाम जयपुर से उदयपुर के लिए रवाना होना था। यह फ्लाइट शाम 4:50 बजे उदयपुर जाने वाली थी, लेकिन उड़ान से पहले ATR-72 विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। बुधवार दोपहर तक करीब 15 घंटे से ज्यादा बीतने के बावजूद विमान की तकनीकी खामी दूर नहीं हो सकी और विमान एयरपोर्ट पर ही खड़ा रहा। स्पाइसजेट की दुबई फ्लाइट के बिगड़े हाल, 17 घंटे की देरी स्पाइसजेट की जयपुर-दुबई फ्लाइट SG-5157 भी लगातार देरी का शिकार हो रही है। बुधवार शाम 5:55 बजे जयपुर से दुबई जाने वाली फ्लाइट गुरुवार सुबह करीब 11:25 बजे रवाना होने की संभावना जताई गई, यानी यात्रियों को करीब 17 घंटे इंतजार करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि वे बुधवार दोपहर बाद से ही फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच गुरुवार शाम 5:55 बजे जयपुर से दुबई जाने वाली अगली फ्लाइट को भी रीशेड्यूल कर दिया गया। अब इसके शुक्रवार तड़के करीब 4:25 बजे रवाना होने की संभावना है। एक के बाद एक फ्लाइट लेट होने से दुबई जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। दिल्ली में मौसम खराब, फ्लाइट जयपुर डायवर्ट दिल्ली में खराब मौसम के कारण वडोदरा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6221 को भी जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। फ्लाइट करीब आधे घंटे तक दिल्ली के आसमान में होल्ड पर रही, लेकिन लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने पर उसे जयपुर भेज दिया गया। विमान जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। फिलहाल यात्री विमान के अंदर ही हैं और दिल्ली ATC से क्लीयरेंस मिलने के बाद फ्लाइट के वापस दिल्ली रवाना होने की संभावना है।