आमेर थाना इलाके में बुधवार अलसुबह सब्जियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप में सवार किसान रामनारायण मीणा (55) और लालचंद (40) की मौत हो गई। वहीं, पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा जयपुर-दिल्ली हाईवे पर कुंडा स्थित आमेर चेक पोस्ट के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। जयपुर मंडी सब्जियां बेचने जा रहे थे आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया- रायसर के माचोला स्थित रावका की ढाणी निवासी रामनारायण मीणा और लालचंद समेत करीब सात आठ लोग पिकअप से सब्जियां भरकर जयपुर सब्जी मंडी में बेचने जा रहे थे। आमेर इलाके में कुण्डा चैकपोस्ट पर वाहन अनियंत्रित होने के कारण पलटी खा गया। हादसे में घायलों को पुलिस और राहगीरों ने एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने लाल चंद को मृत घोषित कर दिया और वहीं रामनारायण की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में फिलहाल किसी प्रकार की कोई रिपोर्ट नहीं दी है।