जन्माष्टमी पर शुक्रवार को जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हाईटेक इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास में AI CCTV कैमरों से निगरानी होगी और एंट्री-एग्जिट के रास्ते अलग रखे जाएंगे। अस्थायी कंट्रोल रूम से कैमरों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। AI कैमरे किसी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की पहचान करते ही अलर्ट देंगे। वहीं श्रद्धालुओं को QR कोड से लाइव पार्किंग की जानकारी मिलेगी। दरअसल, इस बार आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जयपुर पुलिस ने सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस बार श्रद्धालुओं की एंट्री और एग्जिट अलग-अलग रास्तों से होगी। जयपुर उत्तर के डीसीपी करन शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी 4 सितंबर को मनाई जाएगी, जबकि 5 सितंबर को गोविंददेवजी की शोभायात्रा निकलेगी। दोनों दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए जयपुर उत्तर जिले के साथ कमिश्नरेट और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त जाब्ता भी लगाया गया है। जलेब चौक से प्रवेश, जयनिवास उद्यान से निकासी भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं को जलेब चौक से मंदिर की ओर प्रवेश दिया जाएगा। मंदिर से निकासी जयनिवास उद्यान की तरफ से होगी। यहां से श्रद्धालु पैदल हवामहल रोड की ओर निकलेंगे। मंदिर क्षेत्र में किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बड़ी चौपड़ से हवामहल की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा श्रद्धालुओं के पैदल आवागमन के लिए रहेगा, जबकि दूसरे हिस्से में वाहनों की आवाजाही होगी। भीड़ बढ़ने पर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी जाएगी। तीन शिफ्ट में तैनात रहेगा पुलिस जाब्ता सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक महत्वपूर्ण पॉइंट पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। अधिकारियों और जवानों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। रात 1 बजे से अगले दिन भीड़ कम होने तक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मंदिर परिसर और आसपास पहले से लगे CCTV कैमरों के अलावा अतिरिक्त AI आधारित कैमरे लगाए गए हैं। पर्याप्त रोशनी की भी व्यवस्था की गई है। बदमाश कैमरे में आया तो कंट्रोल रूम को अलर्ट AI कैमरों को अस्थाई कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। यहां पुलिस की टीम लगातार स्क्रीन पर निगरानी रखेगी। पुलिस के पास मौजूद बदमाशों और असामाजिक तत्वों के डेटाबेस को सिस्टम से जोड़ा गया है। कैमरे के सामने संदिग्ध या चिन्हित बदमाश के आते ही कंट्रोल रूम में अलर्ट मिलने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद पुलिस संबंधित व्यक्ति पर तत्काल नजर रख सकेगी। QR कोड से मिलेगी लाइव पार्किंग की जानकारी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय कर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। छोटी चौपड़ से बड़ी चौपड़ तक वाहनों को गलियों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पुलिस की ओर से जारी QR कोड स्कैन करने पर पार्किंग की लाइव जानकारी मिल सकेगी। श्रद्धालु यह भी देख सकेंगे कि किस पार्किंग स्थल पर जगह उपलब्ध है। इससे वाहन पार्क करने में समय की बचत होगी और भीड़ नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।