JET परीक्षा-2021 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर पास करवाने के मामले में SOG ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राहुल चौधरी (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपी जयपुर के नांगल सिरस (थाना हरमाड़ा) क्षेत्र का रहने वाला है। SOG ने आरोपी को 2 सितंबर को गिरफ्तार किया था। दरअसल, राज्य सरकार के कृषि विभाग ने साल 2021 और 2022 के लिए कृषि विश्वविद्यालयों और निजी विश्वविद्यालयों में प्रवेश की परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी एसकेएन कृषि विश्वविद्यालय (जोबनेर) को दी थी। इसके तहत 8 अगस्त 2021 को जयपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर सहित 6 शहरों में 96 परीक्षा केंद्रों पर JET परीक्षा आयोजित हुई थी। गिरोह ने डमी अभ्यर्थियों से दिलवाई परीक्षा एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया- SOG की जांच में सामने आया कि एक गिरोह ने अभ्यर्थियों के स्थान पर डमी को परीक्षा में बैठाया। इसके बदले बड़ी रकम लिए गए। जांच में राहुल चौधरी की भूमिका भी सामने आई। आरोप है कि उसने अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी को बैठाकर परीक्षा पास करवाई थी। अब तक 38 आरोपी गिरफ्तार या डिटेन SOG के अनुसार, इस प्रकरण में अब तक कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार/डिटने किया जा चुका है। राहुल चौधरी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।