जयपुर में 10वीं क्लास के स्टूडेंट ने अपने घर से ज्वेलरी चोरी करके दोस्तों को दे दिया। स्टूडेंट को उसके दोस्तों ने किराए पर गाड़ी दी थी। जब वह गाड़ी वापस करने गया तो दोस्तों ने कहा- तूने गाड़ी तोड़ दी है, इसका हर्जाना दे। युवक ने पैसे नहीं होने की बात कही। इस पर दोस्तों ने उसको अपना मोबाइल फोन देकर उससे उसके घर में चोरी करवाई। फोन पर स्टूडेंट को डायरेक्शन देते रहे। 16 साल के स्टूडेंट ने घर से सोने की तीन सेट बाली, हार, अंगूठी, नथ, पेंडल, चांदी का कड़ा व पायजेब चोरी कर दोस्तों को दे दिए। मामले की जानकारी होने पर स्टूडेंट के परिजनों ने उसके दोस्तों के खिलाफ बुधवार को मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने बताया- जयपुर के रहने वाले एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिसमें बताया- मेरा 16 साल का बेटा प्राइवेट स्कूल की 10वीं क्लास में पढ़ता है। इसी स्कूल में पढ़ने वाले उसके एक साथी ने मेरे नाबालिग बेटे की मुलाकात अपने परिचित से करवाई। सप्ताहभर पहले आरोपी परिचित ने नाबालिग बेटे को किराए पर गाड़ी दी। गाड़ी वापस लौटाने पर नाबालिग को डराया-धमकाया कि तूने गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी है। तुझे गाड़ी की तोड़फोड़ का हर्जाना देना पड़ेगा। घर में चोरी के लिए किया तैयार आरोपियों ने नाबालिग को धमकाकर रुपए देने का दबाव बनाया। नाबालिग ने रुपए नहीं होने की बात कही। इस पर आरोपियों ने उसे घर में रखी ज्वेलरी लाकर देने के लिए कहा। आरोपी ने नाबालिग को अपना मोबाइल भी दिया। मोबाइल पर बातचीत कर चोरी करने के लिए डायरेक्शन दिए। नाबालिग ने डायरेक्शन के अनुसार अपने घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी ज्वेलरी (सोने की तीन सेट बाली, हार, अंगूठी, नथ, पेंडल, चांदी का कड़ा व पायजेब जोड़ी) चोरी कर ली। ज्वेलर को बेचे गहने, दिए 5 हजार रुपए नाबालिग ज्वेलरी लेकर उनके पास पहुंचा। आरोपियों ने ज्वेलरी और अपना मोबाइल नाबालिग से ले लिया। झोटवाड़ा इलाके में एक ज्वेलर को ज्वेलरी बेचकर रुपए ले लिए। नाबालिग को इस बारे में किसी को नहीं बताने के लिए 5 हजार रुपए दिए। रुपए मिले तो खुली पोल परिजनों ने बताया- 6 सितम्बर को बेटे के पास 5 हजार रुपए मिले। पूछने पर नाबालिग ने कहा- ये रुपए दोस्त के हैं। शक होने पर परिजनों ने सख्ती से पूछा तो नाबालिग ने परिजनों को सारी बात बताई। इसके बाद नाबालिग के पिता ने आरोपियों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया।