जयपुर में एक अपार्टमेंट के 15वें फ्लोर से गिरने पर एक मैकेनिक की मौत हो गई। वह अपार्टमेंट की 15वीं मंजिल पर एक फ्लैट की बॉलकानी में एसी रिपेयर कर रहा था। एसी रिपेयरिंग के दौरान बैलेंस बिगड़ने से वह फर्स्ट फ्लोर पर आकर गिरा, जिससे उसका सिर फट गया। चित्रकूट थाना पुलिस ने कांवटिया हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। SHO (चित्रकूट) विक्रम सिंह ने बताया- हादसे में पोलोविक्ट्री स्थित बरकत कॉलोनी निवासी सलमान खान (34) की मौत हो गई। वह परिवार के साथ रहकर वोल्टास कंपनी के एसी रिपेयरिंग का काम करता था। बालकनी में लगा था एसी गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह गांधीपथ क्वींस रोड पर सिंथोनिका बिल्डिंग में 15वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट पर एसी रिपेयरिंग की कम्पलेंड पर आया था। बॉलकानी में लगे एसी को वह डेढ़ फीट चौड़ी दीवार पर चढ़कर रिपेयर कर रहा था। सिर फटने से मौत बारिश के कारण फिसलन होने के कारण उसका बैलेंस बिगड़ गया और नीचे फर्स्ट फ्लोर की छत पर आकर गिरा। सिर फटने से मौके पर ही सलमान की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। कंपनी ने बिना शेफ्टी बेल्ट के भेजा परिजनों का आरोप है कि कंपनी के इंजीनियर, ठेकेदार सहित अन्य की लापरवाही के चलते सलमान की मौत हुई है। सलमान के मना करने के बाद भी बिना सेफ्टी बेल्ट व रस्सी के एसी रिपयेरिंग के लिए दबाव बनाया गया था।