जैसलमेर के लाठी कस्बे में सांप निकलने की सूचना पर उसे बचाने पहुंचे वन्यजीव प्रेमी विक्रम दर्जी को रेस्क्यू के दौरान सांप ने काट लिया। सांप ने अचानक विक्रम के हाथ पर हमला किया, जिससे मौके पर मौजूद लोग डर गए। बाद में सांप की पहचान ग्लॉसी बेलिड रेसर के रूप में हुई, जो बिना जहर वाला सांप है। जहर नहीं होने से विक्रम की जान बच गई और उन्हें प्राथमिक देखभाल दी गई। बचाव के चक्कर में हुआ हमला स्नैक कैचर विक्रम दरजी ने बताया- लाठी क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा और सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ने के उद्देश्य से विक्रम दर्जी मौके पर पहुंचे थे। वे पिछले लंबे समय से इस इलाके में जानवरों और सांपों को बचाने का काम कर रहे हैं। जब वे सांप को पकड़कर बोरी में डालने की कोशिश कर रहे थे, तभी सांप ने अचानक उन पर हमला कर दिया और हाथ पर काट लिया। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ग्लॉसी बेलिड रेसर सांप इंसानों से दूर रहना पसंद करता है, लेकिन जब उसे लगता है कि उसकी जान को खतरा है, तो वह खुद को बचाने के लिए काट लेता है। सांप दिखने पर खुद न पकड़ें घटना के बाद विक्रम दर्जी ने स्थानीय लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की बात कही। उन्होंने कहा कि घरों, खेतों या आबादी वाले इलाकों में सांप दिखने पर उसे लाठी से मारने या खुद पकड़ने की भूल बिल्कुल न करें। ऐसा करने से सांप और ज्यादा आक्रामक हो जाता है। जब भी सांप दिखे, उससे सुरक्षित दूरी बनाकर रखें और तुरंत किसी जानकार या स्नेक सेवर को फोन करके बुलाएं। जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव अक्सर लोग डर के मारे हर सांप को जहरीला मान लेते हैं और उसे मार देते हैं। राजस्थान के इस इलाके में कई तरह के सांप पाए जाते हैं, जिनमें से ज्यादातर बिना जहर वाले होते हैं। बिना सही जानकारी के किसी भी सांप को पहचानना मुश्किल होता है। इसलिए, किसी भी हादसे से बचने के लिए सतर्कता और सही समय पर दी गई सूचना ही इंसान और बेजुवान दोनों की जान बचा सकती है।