सितंबर महीने से शुरू हो रहे पर्यटन सीजन और त्योहारों के दौरान जैसलमेर आने-जाने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ट्रेनों में यात्रियों की लगातार बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने जोधपुर मंडल से जुड़ी कुल 15 जोड़ी प्रमुख ट्रेनों में 37 अतिरिक्त डिब्बे (कोच) लगाने का फैसला किया है। इसमें जैसलमेर रूट की ट्रेनों को खास प्राथमिकता दी गई है। जैसलमेर-साबरमती और साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस में 3-3 अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। इससे सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को ट्रेनों में आसानी से सीट और बर्थ मिल सकेगी। जैसलमेर की मुख्य ट्रेनों में बढ़ेगी क्षमता सितंबर से जैसलमेर में देश-विदेश से पर्यटकों का आना शुरू हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने गुजरात से जैसलमेर को जोड़ने वाली ट्रेनों पर विशेष ध्यान दिया है। ट्रेन संख्या 20485/20486 जैसलमेर-साबरमती-जैसलमेर और ट्रेन संख्या 20492/20491 साबरमती-जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस में 3-3 अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। डिब्बों की संख्या बढ़ने से गुजरात और आसपास के राज्यों से आने वाले यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचेगा। स्लीपर से लेकर थर्ड एसी तक की सुविधा रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन ट्रेनों में साधारण डिब्बों से लेकर स्लीपर, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी और फर्स्ट-कम-सेकंड एसी श्रेणी के डिब्बे जोड़े जा रहे हैं। यह व्यवस्था अस्थाई (निश्चित समय) तौर पर लागू रहेगी। यात्रियों की सुविधा पहली प्राथमिकता जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि सितंबर में यात्री भार बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे यात्रियों को कंफर्म टिकट पाने में आसानी होगी और वेटिंग का दबाव कम होगा।