जैसलमेर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को 73.60 ग्राम अवैध एमडी के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने मिलकर यह कार्रवाई की। पुलिस ने महिला के बैग से एमडी बरामद की है। महिला मध्यप्रदेश की रहने वाली है और जैसलमेर में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई एमडी काफी महंगी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किराए के मकान की तरफ जाते समय पकड़ा कोतवाली थानाधिकारी प्रेमाराम ने बताया कि डीएसटी प्रभारी भीमराव सिंह से सूचना मिली थी। सूचना थी कि मध्यप्रदेश की रहने वाली एक महिला अपने बैग में अवैध एमडी ड्रग्स लेकर गांधी कॉलोनी स्थित किराए के मकान की तरफ जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांधी कॉलोनी पहुंची। पुलिस ने वहां घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को रोक लिया। इसके बाद उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से 73.60 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर महिला को हिरासत में लिया। उसे थाने लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। मध्यप्रदेश की रहने वाली है महिला पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान शांताबाई (33) पत्नी मानसिंह के रूप में हुई है। वह वार्ड नंबर 12 ढोती, पुलिस थाना आगर मालवा, जिला आगर मालवा, मध्यप्रदेश की रहने वाली है। महिला जैसलमेर में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एमडी कहां से आई, किसे देनी थी; जांच जारी पुलिस अब शांताबाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह 73.60 ग्राम एमडी कहां से लेकर आई थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि जैसलमेर में यह एमडी किस व्यक्ति को सप्लाई की जानी थी। पुलिस इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों की भी तलाश कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में एमडी सप्लाई करने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सकती है। कोतवाल बोले- आमजन पुलिस को जानकारी दें शहर कोतवाल प्रेमाराम ने कहा कि जैसलमेर को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने आमजन से कहा कि अगर आसपास कहीं अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। प्रेमाराम ने युवाओं से भी नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा नशे से दूर रहकर अपने करियर और समाज को बेहतर बनाने पर ध्यान दें।