जालोर नगर परिषद चुनाव में नाम वापसी के अंतिम दिन वार्ड 35 की निर्दलीय प्रत्याशी नीलम कुमारी नामांकन वापस लेने के बाद दौड़ती हुई निर्वाचन ऑफिस पहुंची और नामांकन वापसी को रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नामांकन दबाव बनाकर वापस करवाया गया है और वह चुनाव लड़ना चाहती हैं। हालांकि अधिकारी ने बताया कि नामांकन वापस लेने के बाद उसे बहाल नहीं किया जा सकता। नीलम कुमारी के ससुर सांवला सांखला भी वार्ड 35 से निर्दलीय पार्षद रह चुके हैं। इधर, गुरुवार को कुल 58 प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिए। अब 40 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस समेत 174 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 92 निर्दलीय हैं। नीलम कुमारी ने दबाव में नामांकन वापस करवाने का लगाया आरोप नाम वापसी के अंतिम दिन वार्ड 35 की निर्दलीय प्रत्याशी नीलम कुमारी दोपहर करीब 2 बजे अपने पति अशोक कुमार के साथ नामांकन वापस लेने के लिए कार्यालय पहुंचीं। इसके बाद करीब 2:55 बजे वह दौड़ते हुए रिटर्निंग अधिकारी मनोज कुमार के पास पहुंचीं और नामांकन वापसी को रद्द करने की मांग की। हालांकि रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें बताया कि एक बार नामांकन वापस लेने के बाद उसे दोबारा बहाल नहीं किया जा सकता। महिला प्रत्याशी ने कहा- मैं किसी भी नाम नहीं लूंगी।महिलाओं को आगे आने से रोका जा रहा है। सरकार को भी महिलाओं को प्रोत्साहित नहीं करना चाहिए। 40 वार्डों में 174 प्रत्याशी मैदान में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जालोर नगर परिषद के 40 वार्डों में अब कुल 174 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 40, कांग्रेस के 40 और आरएलपी के 2 प्रत्याशी शामिल हैं। वहीं 92 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।