जालोर में नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड संख्या-33 के राजेन्द्र नगर स्थित सरकारी स्कूल में मतदान केंन्द्र पर मतदान को लेकर हुए विवाद और कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मारपीट के मामले में कांग्रेस प्रत्याशी पवन दवे की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी जयसिंह और उनके पोलिंग एजेंट डूंगराराम देवासी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कांग्रेस प्रत्याशी पवन दवे ने आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर मतदान के दौरान भाजपा प्रत्याशी की ओर से एक महिला का फर्जी वोट डलवाने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने मतदान कक्ष में मतदाताओं पर दबाव डालने की आशंका जताते हुए आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। दवे का आरोप है कि जब वह पूरे घटनाक्रम की जानकारी कोतवाली थानाधिकारी रामेश्वरलाल भाटी को दे रहे थे, तभी भाजपा प्रत्याशी जयसिंह और पोलिंग एजेंट डूंगराराम देवासी पीछे से पहुंचे। डूंगराराम ने उनका हाथ पकड़ लिया, जबकि जयसिंह ने उन्हें जमीन पर गिराकर मारपीट की। एसपी बंगले के बाहर दिया धरना घटना के विरोध में कांग्रेस प्रत्याशी पवन दवे और कुछ कार्यकर्ता देर बुधवार की रात एसपी बंगले के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस समझाइश के बाद उन्हें वाहन में बैठाकर कोतवाली ले गई। सूचना मिलने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुखराज पाराशर समेत अन्य पदाधिकारी भी थाने पहुंचे। इसके बाद पवन दवे की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ था विवाद वार्ड-33 के संवेदनशील मतदान केंद्र पर बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे दो महिलाएं और एक युवक वोट डालने पहुंचे थे। इसी दौरान मतदान कक्ष में भाजपा प्रत्याशी और उनके पोलिंग एजेंट की मौजूदगी को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी ने आपत्ति जताई थी। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और जोनल मजिस्ट्रेट अशोक विश्नोई ने दोनों पक्षों को अलग किया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।