झालावाड़ के आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर राधा-कृष्ण बनो प्रतियोगिता और कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। प्रिंसिपल केशुराम पाटीदार ने बताया कि कार्यक्रम में सेवा भारती के जिलाध्यक्ष सूर्यप्रकाश माहेश्वरी मुख्य अतिथि थे। शिक्षक संघ राष्ट्रीय के पूर्व जिलाध्यक्ष सीताराम गौड़ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विद्या भारती के जिला सचिव मुकुट बिहारी यादव विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद थे। 90 छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण का रूप धारण किया कार्यक्रम संयोजिका अनिता शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी पर स्कूल के 90 छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर हिस्सा लिया। बच्चों ने रासलीला, माखन चोर, मटकी फोड़, नृत्य नाटिका और लघु नाटिका जैसी कई प्रस्तुतियां दीं। उनकी सुंदर वेशभूषा और प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस दौरान अभिभावक देवयानी और नीता कुमारी ने भी श्रीकृष्ण के भजन पर शानदार डांस किया। कार्यक्रम के मेहमानों ने सभी भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। शोभा मेवाड़ा, आशा कौशिक, संगीत राठौर, सुलभा भटनागर, रेखा जैन, सुनीता शर्मा और किरण कंवर सहित स्कूल की शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में मदद की। कार्यक्रम का संचालन बालमुकुंद सुमन ने किया।