झालावाड़ में वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की है। टीम ने पत्थर से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। इस दौरान वाहन के ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई झालावाड़ उप वन संरक्षक सागर पंवार के निर्देश पर की गई। झालावाड़ रेंज के कोटा रोड स्थित देवरीघटा क्षेत्र में इसे अंजाम दिया गया। क्षेत्रीय वन अधिकारी संजू कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी। जानकारी थी कि देवरीघटा क्षेत्र से अवैध रूप से पत्थर-बोल्डर भरकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली देवरीघटा की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई। टीम ने इलाके में निगरानी की और ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर उसकी जांच की। जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध खनन कर लाए गए पत्थर-बोल्डर भरे हुए मिले। इसके बाद टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। ड्राइवर गिरफ्तार कार्रवाई के दौरान नाहरसिंघी गांव निवासी सुनील पुत्र प्रहलाद को गिरफ्तार किया गया। वन विभाग ने अवैध खनन और परिवहन के संबंध में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, केस की जांच देवरीघटा नाका प्रभारी कर रहे हैं। जांच में अवैध खनन के स्थान और खनिज परिवहन से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई के समय नाका प्रभारी देवरीघटा कृष्णपाल सिंह, वनरक्षक लोकेन्द्र सिंह, राकेश और नरेश सहित वन विभाग का स्टाफ मौजूद था। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।