झालावाड़ में करीब एक सप्ताह से ज्यादा समय के बाद मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। गुरुवार सुबह से ही मौसम में बदलाव दिखा और करीब साढ़े 11 बजे अचानक बारिश शुरू हो गई। इससे शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा। अचानक हुई बारिश से सड़कों पर आवाजाही पर असर पड़ा। पैदल चलने वाले राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी हुई। कई लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और दूसरी जगहों पर रुक गए। पिछले करीब एक सप्ताह से बारिश नहीं होने के कारण उमस और गर्मी का असर बना हुआ था। हालांकि सुबह-शाम ठंडक रहती थी। गुरुवार को हुई बारिश से लोगों को काफी राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और वातावरण में ठंडक घुल गई। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों ने राहत की सांस ली। आसमान में बादल छाए रहने से आने वाले घंटों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। मानसून के दोबारा सक्रिय होने से किसानों को भी राहत की उम्मीद जगी है। इस समय फसलों के लिए बारिश बहुत जरूरी है। लंबे समय बाद हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ने की उम्मीद है, जिससे फसलों को फायदा मिल सकता है।