झालावाड़ में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) से जुड़े नॉन-कॉलेज विद्यार्थियों के महाविद्यालय नाम में बिना पूर्व सूचना के बदलाव का मामला सामने आया है। छात्रों का आरोप है कि रिकॉर्ड में उनका कॉलेज नाम पीजी कॉलेज से बदलकर दर्शन कॉलेज कर दिया गया है। इस अचानक हुए बदलाव से स्टूडेंट्स में भ्रम और आक्रोश है। उन्हें परीक्षा संबंधी जानकारी, दस्तावेज और अन्य विश्वविद्यालयी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रिकॉर्ड में तत्काल सुधार की मांग एबीवीपी के नगर सहमंत्री प्रियांशु पाटीदार के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पीजी कॉलेज प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी। उन्होंने प्रिंसिपल के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि जिन विद्यार्थियों का महाविद्यालय नाम उनकी जानकारी और सहमति के बिना बदला गया है, उनके रिकॉर्ड की तत्काल जांच कर सुधार किया जाए। छात्र नेता अजय खुण्डारा ने बताया कि विद्यार्थियों ने अपनी विश्वविद्यालय और परीक्षा संबंधी सभी प्रक्रियाएं पीजी कॉलेज, झालावाड़ के नाम से पूरी की थीं। बिना किसी स्पष्ट सूचना के कॉलेज का नाम बदलने से छात्रों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलन की चेतावनी एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इस मामले का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। प्रियांशु पाटीदार ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो अखिल एबीवीपी छात्रहित में विरोध-प्रदर्शन और चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान अंकित देव गुर्जर, हर्षित जैन, अजय कुमार सहित कई कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।