जोधपुर नगर निगम चुनाव में नाम वापसी का गुरुवार को अं​तिम दिन रहा। आखिरी दिन करीब 147 कैंडिडेट्स ने नामांकन वापस लिए। रिटर्निंग ऑफिसर रामकिशोर मीणा ने बताया कि पिछले दो दिनों में 188 कैंडिडेट नामांकन वापस ले चुके हैं। अब 100 वार्डों के लिए 385 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। इधर, बागियों को मनाने के लिए दिनभर भाजपा और कांग्रेस के नेता मान-मनुहार करते रहे। नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने प्रत्याशियों को उनके घर भेजा गया। यहां तक भी जब वे नहीं माने तो बड़े नेताओं से कॉल करवा कर समझाइश की गई। वार्ड नंबर 25 और 38 में भाजपा की चुनौती बने बागियों ने समझाइश के बाद नामांकन वापस ले लिया। वार्ड संख्या 39 से कांग्रेस के बागी राहुल जमेरिया (मेघवाल) ने नामांकन वापसी की अंतिम तिथि पर अपना नामांकन वापस लेकर कांग्रेस के पक्ष में समर्थन देने का निर्णय लिया। इसके बाद कांग्रेस के विधायक प्रत्याशी शाहजाद खान की उपस्थिति में राहुल ने कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जौड़ को अपना समर्थन दिया। हालांकि अब भी दोनो दलो से करीब 40 बागी मैदान में डटे हुए हैं। अब इनके पास वोटिंग से पहले पार्टियों या प्रत्याशियों को समर्थन करने का विकल्प है। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो पार्टियां अनुशानात्मक कार्रवाई कर सकती हैं। कांग्रेस-भाजपा से टिकट नहीं मिला, निर्दलीय अब भी मैदान में निकाय चुनाव में कई प्रत्याशी ऐसे भी थे, जिन्होंने भाजपा- कांग्रेस के साथ निर्दलीय ​नामांकन पेश किया था। कांग्रेस के ऐसे करीब 33 प्रत्याशी थे हालांकि इनमें से कांग्रेस 15 को मना पाई और नामांकन वापस करवाए। लेकिन, इनमें से अब भी 18 प्रत्याशी निर्दलीय के तौर पर चुनावी मैदान में है। इनमें कासम, अफसाना बानो, बतूल और मूमल, लक्ष्मीदेवी, जाफरान, रविंद्र, मोहम्मद नदीप, लियाकत अली रंगरेज, ज्योति, अली मोहम्मद, प्रभु सिंह, रविंद्र राठैड़, तारा सिंह, किशोर, रमेश विश्नोई और नरेंद्र सिंह गहलोत मैदान में है वहीं भाजपा ने ऐसे 20 प्रत्याशियों के नामांकन वापस करवाई। लेकिन, शंभुराम, तारादेवी, विद्याधर शर्मा, शैतान सिंह, निशी, रविंद्र सिंह और खुशबू गौड़ अब भी निर्दलीय के तौर पर चुनावी मैदान में है। देखें नाम वापसी से जुड़ी फोटोज.. कांग्रेस की बागी उम्मीदवार मंजू देवी प्रजापत नामांकन वापस लेने के बाद भावुक हो गई। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलकने लगे। वे बोलीं- कांग्रेस और पार्टी प्रत्याशी को समर्थन करेंगे। वहीं भाजपा ने वार्ड नंबर 38 से नाराज चल रहे पूर्व पार्षद मोहित ओझा को मनाया, जिसके बाद उन्होंने नामांकन वापस लिया। उनका कहना था कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समेत विधायक और जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने उन्हें फोन किया और भरोसा दिलाया कि उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा। अपडेट्स के लिए पढ़ें लाइव ब्लॉग…