जोधपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक प्राइवेट स्कूल टीचर को अफीम तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके घर के आगे बने पशुओं के छपरे में तलाशी के दौरान 270 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अफीम के स्रोत और उसकी सप्लाई को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झंवर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने धतरवालों की ढाणी राबड़िया में कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरोपी का नाम राबड़िया निवासी विकास विश्नोई (27) पुत्र रामस्वरूप विश्नोई है। पशुओं के छपरे में छिपाकर रखा था अफीम आरोपी ने अपने रिहायशी मकान के आगे बने पशुओं के छपरे में अफीम छिपाकर रखा था। इसकी सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। तलाशी के दौरान छपरे में छिपाकर रखी 270 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद आरोपी शिक्षक विकास विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में बोरानाडा थानाधिकारी राजेंद्र सिंह जांच कर रहे हैं।