जोधपुर में आपसी रंजिश को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक पक्ष की स्कॉर्पियो और थार गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी गई। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। दोनों पक्ष कंस्ट्रक्शन मैटेरियल सप्लायर बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक- कंट्रक्शन साइट को लेकर पहले रंजिश है। इसके चलते हमला किया गया। यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे विवेक विहार थाना क्षेत्र के सालावास गांव में बने पुल के पास हुई। इधर गाड़ियों में तोड़फोड़ के बाद दूसरे पक्ष के लोग भी एकत्र हो गए। डंपर सहित अन्य गाड़ियों के माध्यम से हमलावरों के पीछे दौड़े। हालांकि वो गाड़ियां लेकर फरार हो गए। दूसरे पक्ष ने आते ही गाड़ियों को मारी टक्कर सालावास गांव में बने पुल के पास पर एक पक्ष के कुछ लोग स्कॉर्पियो और थार गाड़ियां लेकर खड़े थे। तभी कैंपर और अन्य गाड़ियों में सवार होकर आए दूसरे पक्ष के लोगों ने आते ही गाड़ियों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद बदमाश गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने कहा- हमलावरों को पकड़ने के लिए बनाई टीम सूचना मिलने के बाद उप निरीक्षक विश्राम मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कंस्ट्रक्शन ठेकेदार गंगाराम की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है। आपसी रंजिश के तहत ये हमला किया गया है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। हमलावरों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है। जानकारी के मुताबिक- एक पक्ष बोरानाडा का रहने वाला है, जबकि दूसरा पक्ष खारड़ा भांडू का रहने वाला है। दोनों के बीच पुरानी रंजिश है। फिलहाल घटनाक्रम को लेकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।