करौली जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और श्रीमहावीरजी थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.41 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। श्रीमहावीरजी इलाके में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने हैलीपैड के सामने आम रास्ते पर एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान सवाई माधोपुर जिले के रैण्डायल गुर्जर निवासी लवसिंह गुर्जर (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी लवसिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उससे स्मैक की खरीद-फरोख्त और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े सभी व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।