निकाय चुनावों के मद्देनजर अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में नागौर पुलिस की डीएसटी और खाटूबड़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने अवैध हथियार सप्लायर समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 6 अवैध पिस्टल और 24 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एसपी आसाराम चौधरी ने बताया कि डीएसटी को सूचना मिली थी कि ओमप्रकाश पुत्र रामनिवास जाट, निवासी ढेहरी अवैध हथियारों की सप्लाई करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हथियार खरीदने वाले श्रवणराम, सुरेश और ओमप्रकाश को भी गिरफ्तार किया गया। 2 साल से हथियारों की कर रहा सप्लाई प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ओमप्रकाश करीब 2 साल से अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा हुआ था। हालांकि वह हथियार कहां से लाता था और अब तक कितने लोगों तक हथियार पहुंचा चुका है, इसका खुलासा जांच के बाद होगा। पुलिस सप्लायर से लेकर हथियार खरीदने वालों तक पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। डीएसटी की सूचना के आधार पर 27 अगस्त को कार्रवाई शुरू की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की आगे की जांच पुलिस थाना रोल को सौंपी गई है। चुनाव से पहले हथियारों पर पुलिस की नजर निकाय चुनावों को देखते हुए पुलिस की ओर से अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी वारदात या चुनाव के दौरान किसी आपराधिक गतिविधि में किया जाना था या नहीं।