राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर खेड़ापा के पास बीती रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच हुई भिड़ंत के कारण हुआ। सूचना मिलते ही खेड़ापा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड में करवाकर यातायात सामान्य किया। इसके बाद, पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर बावड़ी राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को हादसे की सूचना दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान लोरड़ी पंडित जी निवासी किलाराम (पुत्र मोहनराम सरगरा) के रूप में हुई है। सुबह परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए उनके सुपुर्द कर दिया। परिवार की ओर से दी गई लिखित रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया गया है।