ग्राम पंचायत किशनपुरा के भारत उपवन और बरसी चारागाह भूमि में 'हरियालो राजस्थान अभियान' के तहत जिला स्तरीय वन महोत्सव-2026 हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। प्रभारी सचिव हिमांशु गुप्ता, जिला कलेक्टर कमलराम मीना और मुख्य वन संरक्षक अजय चितौड़ा की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने 500 से ज्यादा पौधे लगाए। प्रभारी सचिव हिमांशु गुप्ता ने करंज का पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला कलेक्टर कमलराम मीना ने मौजूद लोगों को पौधों की देखभाल करने और उन्हें पेड़ बनने तक बचाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करना भी सबकी जिम्मेदारी है। प्रभारी सचिव हिमांशु गुप्ता ने भारत उपवन को सुंदर और उपयोगी बनाने के लिए सुझाव दिए। उन्होंने यहां झूले, ओपन जिम, पाथ-वे और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं बनाने को कहा। मुख्य वन संरक्षक अजय चितौड़ा ने उपवन को और खूबसूरत बनाने के लिए चंदन के पौधे देने का ऐलान किया। ग्राम पंचायत किशनपुरा के भारत उपवन में अब तक 5 हजार से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं। इनमें आम, जामुन, अमरूद, आंवला, करंज, पीपल और नीम जैसे कई तरह के पौधे शामिल हैं। चारागाह को विकसित करके ग्रामीणों के लिए चारा और ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे उनकी आय बढ़ाने की कोशिशें भी की जा रही हैं। इस कार्यक्रम में वन संरक्षक वीरेंद्र सिंह जोरा, अपर जिला कलेक्टर ब्रह्मलाल जाट, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान सिंह देथा और विकास अधिकारी सुधीर पाठक भी मौजूद थे। इनके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी, दूसरे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी शामिल हुए।