गांवों की तस्वीर बदलने के लिए सरकार ने बड़ा रोडमैप तैयार किया है। गांवों में अब सिर्फ सड़क और रोजगार तक विकास सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र, खेल मैदान, पोषण वाटिका और स्थानीय उत्पादों के लिए ग्रामीण हाट विकसित किए जाएंगे। 5 हजार से ज्यादा आबादी वाले गांवों को अटल प्रगति पथ से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर ग्रामीण विकास से जुड़े विभागों की उच्चस्तरीय बैठक में योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं हो और काम समय पर पूरे हों। ग्राम पंचायतों में विकास कार्य स्थानीय जरूरत और जनोपयोगिता के आधार पर तय करने को कहा गया है। ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पीएमजीएसवाई के चौथे चरण में करीब 3 हजार 219 किमी नई सड़कें बनाई जाएंगी। इनमें से एक हजार 500 किमी सड़कें वर्ष 2026-27 में पूरी करने का लक्ष्य है। शेष सड़कें अगले वर्ष बनाई जाएंगी। अटल प्रगति पथ योजना के तहत 5 हजार से अधिक आबादी वाले ग्रामीण क्षेत्रों में सीमेंट-कंक्रीट सड़कें बनाई जा रही हैं। योजना में अब तक 764 कामों के लिए एक हजार 681 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इनमें 309 काम पूरे हो चुके हैं। हर पंचायत में ज्ञान केंद्र: ग्रामीण युवाओं के लिए हर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर अटल ज्ञान केंद्र बनाए जाएंगे। यहां आधुनिक लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर गाइडेंस, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और सरकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध होगी। अब तक 535 अटल ज्ञान केंद्र तैयार हो चुके हैं।