नगर निगम कोटा के 100 वार्डों में मतदान के लिए जिला निर्वाचन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के सभी मतदान केंद्रों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए 815 सक्रिय और 150 रिजर्व पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। कलेक्टर और निर्वाचन अधिकारी पीयूष सामरिया ने कहा- कोटा में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारियां हैं। उन्होंने लोगों से भी ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की है। चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। कोटा में 1600 पुलिसकर्मी-अधिकारी चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था की कमान संभालेंगे। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगी। वहीं बीजेपी ने एक कांग्रेस प्रत्याशी के नामाकंन में गलती का आरोप लगाया है। पुलिसकर्मियों की लगाई ड्यूटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को चुनाव को लेकर ब्रीफ किया। एसपी ने बताया- कोटा में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है। पुलिसकर्मियों की डयूटी लगा दी गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश जोशी ने बताया- जरूरत पड़ने पर रिजर्व पार्टियों को तुरंत मौके के लिए रवाना किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में आने वाले 8 लाख 26 हजार 923 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव ड्यूटी के लिए गाड़ियां लगाई मतदान दल के लगभग 4,000 से ज्यादा कर्मचारियों को उम्मेद सिंह स्टेडियम में अंतिम ट्रेनिंग दी गई। इसके बाद कर्मचारी जेडीबी कॉलेज से ईवीएम और चुनाव सामग्री प्राप्त कर अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना हुए। उम्मेद सिंह स्टेडियम में गुरुवार सुबह पोलिंग पार्टियों को अधिकारियों ने चुनाव संबधित अंतिम प्रशक्षिण दिया। परिवहन विभाग ने चुनावी ड्यूटी के लिए मैजिक, सिटी बसें, बाल वाहिनी और निजी बसों का अधिग्रहण किया है। जेडीबी कॉलेज में रखी जाएंगी ईवीएम नयापुरा बड़ा चौराहा, जेडीबी कॉलेज मार्ग, नयापुरा स्टेडियम रोड और सीवी गार्डन के आसपास बड़ी संख्या में अधिग्रहित वाहन खड़े रहे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां ईवीएम जमा कराने जेडीबी कॉलेज पहुंचेंगी। स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जहां सुरक्षा बल और सीसीटीवी कैमरों की मदद से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। कांग्रेस प्रत्याशी के नामाकंन में गलती का आरोप वार्ड 11 से कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश कुमारी के चुनावी नामांकन फाॅर्म में गलती होने का आरोप लगाते हुए बीजेपी की तरफ से शिकायत दी गई है। आरोप है कि एक साथ ग्रामीण और शहरी, दोनों जगह की मतदाता सूची में कमलेश का नाम दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में जानबूझकर झूठी जानकारी देना या दो जगह पंजीकरण बनाए रखना अपराध है। कोटा शहर के भाजपा नेताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा है।