कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 8.688 किलो गांजा और देशी शराब के 240 पव्वे जब्त किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और बाइक भी जब्त की है। गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन रूट क्लियरेंस चलाया जा रहा है। 2 सितंबर को डीएसटी और सीमलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-27 पर हाड़ौती मेटल्स के पास नाकाबंदी की। इस दौरान बारां से कोटा की तरफ आ रही स्विफ्ट कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। कार से 8.688 किलो गांजा बरामद हुआ। मामले में बारां निवासी संजय प्रजापत और किशन गोपाल को गिरफ्तार किया गया। अवैध देसी शराब जब्त वहीं चेचट थाना पुलिस ने अवैध देसी शराब के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में खेड़ली रोड से संदीप मीणा को 96 पव्वों के साथ पकड़ा गया। दूसरी कार्रवाई सालेड़ा रोड पर नाकाबंदी के दौरान की गई, जहां बाइक सवार चेतन मीणा से 144 पव्वे देसी शराब बरामद हुई। दोनों मामलों में कुल 240 पव्वे जब्त किए गए। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की है। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच कर रही है।