कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के डीसीएम इंदिरा गांधी नगर में एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। आस-पास के लोग युवक को फंदे से उतारकर हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रमन खटीक के रूप में हुई है। उसके भाई चंद्र प्रकाश खटीक ने बताया कि रमन इंदिरा मार्केट में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। उस पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं था। वह सामान्य जीवन जी रहा था और नियमित रूप से दुकान पर काम करने जाता था। गुरुवार शाम उसने घर पर पंखे से फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सूचना पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।