कोटपूतली में सामाजिक न्याय-अधिकारिता विभाग की स्कूटी योजना के तहत मंगलवार को कोटपूतली में दिव्यांग लोगों का मेडिकल असेसमेंट किया गया। राजकीय अंबेडकर छात्रावास परिसर में गठित मेडिकल बोर्ड ने दिव्यांगों के डिसेबिलिटी सर्टिफिकेट और स्वास्थ्य संबंधी जांच की। मेडिकल जांच के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में दिव्यांग लाभार्थी छात्रावास परिसर पहुंच गए। इसके चलते परिसर में काफी भीड़ रही। मेडिकल बोर्ड ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तेजी और सावधानी के साथ सभी लाभार्थियों का मेडिकल असेसमेंट पूरा किया। टोकन से व्यवस्थित हुई प्रक्रिया सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से लाभार्थियों को पहले ही टोकन जारी किए गए थे। इससे पंजीकृत दिव्यांगों की जांच प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने में मदद मिली। मेडिकल बोर्ड ने एक-एक कर दिव्यांगों की आवश्यक जांच की और उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया। मेडिकल असेसमेंट की रिपोर्ट आगे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को भेजी जाएगी। मेडिकल जांच के लिए पहुंचे दिव्यांगों की सुविधा को देखते हुए परिसर में पर्याप्त संख्या में कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के लिए व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई गई। पीने के पानी के लिए कैंपर और वाटर कूलर लगाए गए थे। विभाग की ओर से की गई इन व्यवस्थाओं से लाभार्थियों को मेडिकल जांच के दौरान सहूलियत मिली। तय समय से पहले पूरी हुई जांच मेडिकल बोर्ड की टीम ने तेजी से काम करते हुए सभी दिव्यांगों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत असेसमेंट पूरा किया। विभागीय व्यवस्थाओं और मेडिकल बोर्ड की तत्परता के चलते मेडिकल असेसमेंट तय समय से पहले ही पूरा हो गया। अब मेडिकल बोर्ड की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट CMHO को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर स्कूटी योजना से संबंधित आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।