कोटपूतली में नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। 60 वार्डों के लिए कुल 835 नामांकन फॉर्म जमा हुए हैं। इनमें कांग्रेस ने 59, भाजपा ने 54 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 3 वार्डों में अपने प्रत्याशियों के सिंबल जमा कराए हैं। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन सोमवार को 60 वार्डों से 666 नामांकन फॉर्म जमा हुए थे। इससे पहले जमा हुए नामांकन फॉर्म को मिलाकर अब कुल संख्या 835 हो गई है। मंगलवार को निर्वाचन अधिकारी और चुनाव कमेटी की ओर से सभी नामांकन पत्रों की गहन जांच यानी स्क्रूटनी की जाएगी। कांग्रेस ने 59, भाजपा ने 54 वार्डों में उतारे प्रत्याशी कांग्रेस ने नगर परिषद के 60 में से 59 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं भाजपा ने 54 वार्डों में ही उम्मीदवार घोषित किए हैं। भाजपा ने 6 वार्डों में प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद अब उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार की तैयारियां शुरू कर दी हैं। वार्डों में प्रत्याशी समर्थकों के साथ संपर्क करने और चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। ज्यादातर प्रत्याशियों ने भरे दो-दो फॉर्म एसडीएम योगेश देवल ने बताया कि अधिकतर प्रत्याशियों ने दो-दो नामांकन फॉर्म जमा करवाए हैं। इनमें एक फॉर्म पार्टी के सिंबल के साथ और दूसरा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भरा गया है। उन्होंने बताया कि स्क्रूटनी के बाद जिस प्रत्याशी को पार्टी का अधिकृत सिंबल मिलेगा, उसका निर्दलीय वाला नामांकन फॉर्म निरस्त कर दिया जाएगा। वहीं, जिस प्रत्याशी को पार्टी का सिंबल नहीं मिलेगा, उसका सिंबल वाला नामांकन निरस्त कर उसे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में रखा जाएगा। स्क्रूटनी के बाद साफ होगी चुनावी तस्वीर एसडीएम योगेश देवल के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच की पूरी प्रक्रिया में करीब एक दिन का समय लगेगा। स्क्रूटनी पूरी होने के बाद सभी आवश्यक जानकारी के साथ अधिकृत प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।