कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को सनातन महोत्सव समिति के नेतृत्व में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर और फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर लगाई गई मटकियों को कन्हैया टोलियों ने फोड़ा। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सनातन महोत्सव समिति की ओर से शोभायात्रा सुबह करीब 8:30 बजे तिलक द्वार स्थित भारत माता चौक से रवाना हुई। जगह-जगह लगाई गई मटकियां शोभायात्रा के दौरान शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा। मार्ग में जगह-जगह कन्हैया टोलियों के लिए मटकियां लगाई गई थी। युवाओं की टोलियां मटकियां फोड़ते हुए आगे बढ़ीं। खासकर घांचियों की पिलानी और इलोजी चौक पर ऊंचाई पर लगाई गई मटकियां फोड़ने के लिए युवाओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान लोगों ने उत्साह बढ़ाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। शोभायात्रा में घुसे आवारा पशु शोभायात्रा भक्त प्रहलाद चौक पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद आवारा पशु अचानक शोभायात्रा के आगे दौड़ने लगे। इस दौरान कई बार पशु श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच भी घुस गए। जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर तैनात जालोर नगर परिषद के कर्मचारियों और पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आवारा पशुओं को भीड़ से दूर भगाया। राहत की बात रही कि घटना में किसी को चोट नहीं आई और समय रहते स्थिति संभाल लेने से बड़ा हादसा टल गया। इन स्थानों से गुजरी शोभायात्रा शोभायात्रा हरिदेव जोशी सर्किल, पंचायत समिति, बड़ी पोल, घांचियों की पिलानी, सांड बाव, माणक चौक, गणेश चौक, गांधी चौक, सूरज पोल, राणा पुंजा सर्किल, देवनारायण मार्ग, राजेंद्र नगर और अस्पताल चौराहा होते हुए वापस तिलक द्वार स्थित रामदेवजी मंदिर पहुंची। यहां महाआरती और प्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।