करौली जिले में रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री का पर्स छीनकर बंदर ने 40 हजार रुपए उड़ा दिए। महिला ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म पर खड़ी थी तभी एक बंदर आया और पर्स छीन ले गया। पर्स में करीब 40 हजार रुपए थे। महिला ने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी, तब तक बंदर फुटओवर ब्रिज पर पहुंच चुका था। बंदर ने पर्स से नोट निकालकर हवा में उड़ाने शुरू कर दिए। नीचे मौजूद यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों ने दौड़कर नोट बटोरा। काफी मशक्कत के बाद महिला को 39 हजार रुपए वापस मिल गए, जबकि करीब एक हजार रुपए के नोट नहीं मिल सके। मामला श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन का है। हालांकि यह घटना मंगलवार सुबह की है, लेकिन इसका वीडियो गुरुवार को सामने आया। सबसे पहले देखिये बंदर के पैसे उड़ाने और लोगों के बटोरने की फोटो… कोटा से रिश्तेदार को पैसे देने आई थी महिला आरपीएफ गंगापुर सिटी पोस्ट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया- महिला यात्री कैलाशी कोड़िया कोटा से जनशताब्दी एक्सप्रेस से श्रीमहावीरजी पहुंची थी। उनको करौली के श्रीमहावीरजी में अपने रिश्तेदार को पैसे देने थे। ट्रेन के रवाना होने के बाद महिला प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मौजूद थी। इसी दौरान एक बंदर ने उसका पर्स झपट लिया। बंदर पर्स लेकर फुटओवर ब्रिज पर जा बैठा। महिला ने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक बंदर फुटओवर ब्रिज पर पहुंच चुका था। इसके बाद बंदर पर्स खोलकर उसमें रखे 100, 200 और 500 रुपए के नोट निकालने शुरू कर दिए और उन्हें हवा में उड़ाने लगा। नोट नीचे गिरते देख स्टेशन पर मौजूद यात्री, रेलवे स्टाफ और आरपीएफ कर्मचारी उन्हें बटोरने में जुट गए। कुछ नोट प्लेटफॉर्म पर गिरे तो कुछ इधर-उधर चले गए। 39 हजार रुपए मिले, 1 हजार का पता नहीं रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों ने एक-एक नोट बटोरकर 39 हजार रुपए महिला को दे दिए। करीब एक हजार रुपए नहीं मिल सके। महिला के पैसे वापस दिलाने में रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों ने काफी मशक्कत की।