नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को चुनावी गतिविधियां तेज हो गईं। कुल 25 वार्डों में से 15 वार्डों के लिए 22 उम्मीदवारों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष 30 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। नामांकन के दौरान कई प्रत्याशियों ने पार्टी के साथ निर्दलीय के रूप में भी पर्चा दाखिल किया। शनिवार को दाखिल 30 नामांकन पत्रों में से 8 भाजपा नेताओं के रहे। खास बात यह रही कि इन सभी आठ दावेदारों ने भाजपा नेता के रूप में नामांकन के साथ एक-एक अतिरिक्त पर्चा निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर भी दाखिल किया। निर्वाचन अधिकारी रजत कुमार चौधरी ने बताया- वार्ड 3 से शैतानराम, वार्ड 4 से गीता, वार्ड 5 से मनीराम और ओमाराम, वार्ड 12 से निबा, वार्ड 13 से ललिता, वार्ड 16 से विजेन्द्र तम्बोलिया और वार्ड 17 से सतु ने नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा वार्ड 11 से ललिता, वार्ड 18 से हसीना, वार्ड 20 से हकीम और मईनुद्दीन, वार्ड 21 से जापान और रफीक, वार्ड 22 से अजरूदीन और मेहबूब, वार्ड 23 से मो. आसिफ और साकीर, वार्ड 24 से इकबाल और जमालुद्दीन तथा वार्ड 25 से इक्रामुद्दीन और शहजाद ने भी पर्चे दाखिल किए। 10 वार्डों में अभी कोई नामांकन नहीं नगर पालिका के 25 वार्डों में से 10 वार्ड ऐसे हैं, जहां शनिवार तक एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। वार्ड 1, 2, 6, 7, 8, 9, 10, 14, 15 और 19 में अभी चुनावी दावेदारों का खाता नहीं खुला है। कुल 30 नामांकन पत्रों में 8 भाजपा प्रत्याशियों के रूप में और बाकी 22 निर्दलीय श्रेणी में प्रस्तुत किए गए। कांग्रेस और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की ओर से शनिवार तक किसी भी प्रत्याशी ने पार्टी प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल नहीं किया है। वार्डवार नामांकन की स्थिति सोमवार को नामांकन का आखिरी मौका अब नामांकन दाखिल करने के लिए सोमवार का अंतिम मौका है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। अंतिम दिन कांग्रेस, आरएलपी समेत अन्य दलों के प्रत्याशियों और निर्दलीय दावेदारों के पर्चे दाखिल करने से निर्वाचन कार्यालय में गहमागहमी बढ़ने की संभावना है।