नागौर पुलिस ने शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चोरी, मादक पदार्थ तस्करी और जानलेवा हमले के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। खींवसर पुलिस ने बिरलोका में करीब 8.30 लाख रुपए के जेवरात चोरी के मामले में चोरी का सोना गलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 ग्राम सोने की डली बरामद की। वहीं कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन नशामुक्त नागौर के तहत 635 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त और बिना नंबर की क्रेटा कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 2 जुलाई को हुए जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। खींवसर पुलिस: चोरी के जेवर गलाने वाला आरोपी गिरफ्तार खींवसर थाना पुलिस ने बिरलोका में हुई नकबजनी के मामले में कार्रवाई करते हुए चोरी के जेवरात गलाने वाले आरोपी ओमप्रकाश सोनी, निवासी भीलवाड़ा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से करीब 5 ग्राम सोने की डली बरामद की है, जिसे चोरी के जेवरात गलाकर तैयार किया गया था। पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त की रात बिरलोका निवासी रतनसिंह के घर में अज्ञात चोर घुसे थे और करीब 8 लाख 30 हजार रुपए के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए थे। मामले में खींवसर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी सुनार बसंत कुमार के साथ मिलकर ओमप्रकाश ने चोरी के आभूषणों को गलाया था। उसने चोरी के माल में से करीब 5 ग्राम सोना कमीशन के रूप में अपने पास रख लिया था। इस मामले में पुलिस पहले ही गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 18 चक्का ट्रेलर, 37.45 ग्राम सोने की डली, 338 ग्राम चांदी के आभूषण और 2 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। चोरी के माल से जुड़ी अन्य वारदातों के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ जारी है। कोतवाली पुलिस: 635 ग्राम डोडा-पोस्त के साथ आरोपी गिरफ्तार ऑपरेशन नशामुक्त नागौर के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 635 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मामले में जेठाराम, उम्र 31 साल, निवासी धुंधवालों की ढाणियां, थाना श्रीबालाजी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को नागौर कस्बे में बीकानेर-डीडवाना बाइपास पर रेलवे फाटक के पास से पकड़ा गया। तलाशी में उसके कब्जे से 635 ग्राम डोडा-पोस्त मिला। मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की क्रेटा कार भी जब्त की गई। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है। जानलेवा हमले के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार कोतवाली थाना पुलिस ने 2 जुलाई को हुए जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपियों हेमंत उर्फ अभिषेक और समीर खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आपसी रंजिश के चलते आरोपियों और उनके साथियों ने परिवादी के घर में जबरन घुसकर उसे और उसके भाई को जान से मारने की नीयत से हमला किया था। आरोपियों ने गाड़ियों से टक्कर मारने का प्रयास भी किया था। शिकायत पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नागौर कस्बे से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में हथियारों के इस्तेमाल सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज है और आगे की जांच जारी है।