अजमेर जिले के नसीराबाद सिटी थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो युवक दिनदहाड़े नाबालिग से मोबाइल छीन ले गए। मोबाइल के कवर में 8 हजार रुपए रखे थे। किशोर फ्रामजी चौक पर दुकान की सीढ़ियों पर बैठकर मोबाइल पर कुछ देख रहा था। दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में आरोपियों की बाइक और उसका नंबर भी नजर आ रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। दुकान बंद मिली तो सीढ़ियों पर बैठ गया किशोर जानकारी के अनुसार चटाई मोहल्ला निवासी किशोर गुरुवार सुबह फ्रामजी चौक स्थित एक जूस की दुकान पर आया था। दुकान बंद होने के कारण वह पास की एक दुकान की सीढ़ियों पर बैठ गया। किशोर हाथ में मोबाइल लेकर उसे देख रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि दूसरे ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। बाइक किशोर के पास पहुंचते ही पीछे बैठे युवक ने अचानक उसके हाथ से मोबाइल झपटा और दोनों बाइक से फरार हो गए। शोर मचाने से पहले ही आंखों से ओझल हुए आरोपी वारदात इतनी तेजी से हुई कि किशोर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपी मोबाइल लेकर मौके से निकल गए। किशोर ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक दोनों युवक काफी दूर जा चुके थे। मां के साथ थाने पहुंचा किशोर वारदात के बाद किशोर अपनी मां कीर्ति देवी के साथ सिटी थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताई। शिकायत के बाद पुलिस ने फ्रामजी चौक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवक बाइक से किशोर के पास आते और पीछे बैठा युवक मोबाइल झपटकर भागता दिखाई दे रहा है। फुटेज में बाइक का नंबर भी नजर आ रहा है। पुलिस इसी आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। मोबाइल में पति के इलाज के जरूरी दस्तावेज किशोर की मां कीर्ति देवी ने बताया कि छीने गए मोबाइल में उसके पति के इलाज से संबंधित जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। इसके अलावा मोबाइल के कवर में करीब 8 हजार रुपए नकद भी रखे थे। ( सुधीर मित्तल,रियाज अहमद- नसीराबाद)