पाली नगर निगम चुनाव को लेकर गुरुवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था। अंतिम दिन 72 निर्दलीय उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए। इससे पहले बुधवार को 19 निर्दलीय प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए थे। इस तरह दो दिन में कुल 91 उम्मीदवार नाम वापस ले चुके हैं। अब चुनावी मैदान में 244 अभ्यर्थी हैं, जो पार्षद बनने के लिए अपने-अपने वार्ड में प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। जिले की 09 निकायों से 185 ने लिया नाम वापस पाली जिले की 09 नगर पालिकाओं से कुल 185 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए। सबसे ज्यादा सुमेरपुर नगर पालिका से 40 नामांकन वापस लिए गए। वही सबसे कम 10 नामांकन रानी खुर्द नगर पालिका से वापस लिए गए। देखे नगर निगम पाली से किन 91 लोगों ने नाम वापस लिया किसी ने गले लगाया तो किसी ने माला पहनाई नाम वापसी के अंतिम दिन पाली नगर निगम कार्यालय में दिनभर मेले जैसा माहौल रहा। भाजपा और कांग्रेस के लोग निर्दलीय प्रत्याशियों को मनाकर कार्यालय लेकर पहुंचे और उनके नामांकन वापस करवाए। नामांकन वापस लेने के बाद किसी ने निर्दलीय प्रत्याशी को गले लगाया तो किसी ने माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं, किसी ने गोदी में उठाकर धन्यवाद दिया। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नगर निगम पाली के चुनाव की तस्वीर अब साफ हो चुकी है। मैदान में 244 प्रत्याशी हैं और शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। नगर निकाय चुनाव के लिए 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में मतदान होगा। पाली नगर निगम में 11 सितंबर को वोटिंग होगी, जबकि 14 सितंबर को मतगणना होगी। मतगणना के बाद निगम में महापौर और उप महापौर का चुनाव होगा। बोर्ड बनाने की इच्छुक पार्टी के पार्षद महापौर और उप महापौर का चुनाव करेंगे।