रक्षाबंधन जैसे त्योहार के दिन भी पाली शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती होने से क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के मनमर्जी से बिजली आपूर्ति बंद की जा रही है। जिससे त्योहार के दिन परेशानी उठानी पड़ रही है। वही डिस्कॉम के अधिकारियों का कहना है कि लाइन में फॉल्ट आने से लाइट बाधित हुई। टीम भेज कर कुछ ही दिन में बिजली फिर से सुचारू कर दी गई। बिजली बंद से लोगों को हो रही परेशानी मोहल्ले के निवासी राजू तिवारी ने बताया- जवाहर नगर क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती की जा रही है। रक्षाबंधन के दिन भी बिना सूचना बिजली बंद होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जितेन्द्र शर्मा ने कहा- त्योहार के दौरान घरों में विशेष तैयारियां और पारिवारिक कार्यक्रम होते हैं। ऐसे में बार-बार बिजली जाने से लोगों की त्योहार की खुशियां प्रभावित हो रही हैं। क्षेत्रवासियों ने डिस्कॉम के अधिकारियों से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिना पूर्व सूचना की जा रही अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। इस दौरान जवाहर नगर के मनोहर शर्मा, विनोद शर्मा, पंकज जोशी, छत्तरसिंह राजपूत, गोपाल जाट, रफीक सिरोहा, राजू मेवाड़ा, मनीष कच्छवाहा सहित कई क्षेत्रवासी मौजूद रहे।