फलोदी शहर के भैया नदी क्षेत्र स्थित श्री द्वारकाधीश मंदिर में गुरुवार सुबह चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोर मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसा और दानपेटी से हजारों रुपए की नकदी के साथ चांदी का छत्र और मुकुट चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। चोर ने सबसे पहले मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा। इसके बाद दानपेटी के एक दरवाजे का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली। चोर ने रुपए अपनी पेंट की जेबों में भर लिए। इसके बाद उसने मंदिर में रखे करीब आधा किलो चांदी के छत्र और मुकुट भी चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गया। सुबह पुजारी के पहुंचने पर पता चला मंदिर में चोरी का पता सुबह पुजारी प्रमोद के पहुंचने पर चला। उन्होंने तत्काल फलोदी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान और तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही वारदात का खुलासा करने की बात कही है। पुजारी प्रमोद ने बताया कि श्री द्वारकाधीश मंदिर में वर्ष 2014 में भी चोरी हुई थी। उस समय अज्ञात चोर मंदिर से करीब आधा दर्जन मूर्तियां चोरी कर ले गए थे।